हेवल नदी का कायाकल्प, गंगा संरक्षण की नई मिसाल

Nov 20, 2026

गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के लिए नमामि गंगे मिशन के तहत गंगा व उसकी सहायक नदियों और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण पर भी काम किया जा रहा है। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल की हेवल नदी इसका एक उदाहरण है। सुरकंडा देवी मंदिर के पास सिरकुट पर्वत से निकलकर शिवपुरी में गंगा से मिलने वाली हेवल नदी का जलस्तर कुछ साल पहले घटने लगा था और इसके जलस्रोत सूखने लगे थे। हेवल नदी संरक्षण के लिए जिला गंगा समिति द्वारा वन विभाग और स्थानीय समुदाय के सहयोग से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए,जैसे की-निचले इलाकों में तालाबों का निर्माण किया गया, चेक डैम बनाए गए और स्थानीय लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया । इन प्रयासों से वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिला। साथ ही, प्राकृतिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने और हेवल नदी के जल प्रवाह को बेहतर बनाने में मदद मिली। आज हेवल नदी उत्तराखंड के कई गांवों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। इसके जल से खेती आसान व किसानो की आजीविका के नए रास्ते खुल रहे हैं। खास बात यह है कि ग्रामीण भी नदी की अविरल धारा बनाए रखने और उसे स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। इस तरह हेवल नदी अब प्रकृति और समुदाय के साझा प्रयासों की मिसाल बन रही है। इन प्रयासों की वजह से हवेल नदी के पुनर्जीवन के कार्यो को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली व माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 139वें एपिसोड में हेवल नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों का उल्लेख किया था। हवेल नदी की ही तरह गंगा संरक्षण के लिए छोटी जलधाराओं व् सहायक नदियों का पुरनरक्षण होना अति आवशयक है जब ये जलधाराएं जीवंत होंगी तभी गंगा की अविरलता और निर्मलता का संकल्प भी मजबूत होगा।