जनता और जनहित सरकार की पहली प्राथमिकताः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Oct 12, 2026
जयपुर, राजस्थान, 12 अक्टूबर 2026 (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नेक्स्ट जनरेशन राजस्थान संपर्क की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने शिकायतों के विश्लेषण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित संपर्क जीपीटी के कार्यों और विश्लेषण क्षमता का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान क्वालिटी परफॉरमेंस डेशबोर्ड, हेल्पलाइन सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीकरण, फॉलो-अप और मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हेल्पलाइन के कार्मिकों से समय समय पर फीडबैक लिया जाए और अच्छा काम करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित भी किया जाए।