दूध संग्रह से सहकारी समितियों की कमान तक, गुजरात की महिलाएं बढ़ा रही हैं डेयरी की ताकत

Aug 18, 2026

गुजरात का डेयरी क्षेत्र महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी नेतृत्व को नई दिशा दे रहा है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में महिला संचालित डेयरी समितियों की संख्या 21 प्रतिशत बढ़कर 4,562 हो गई है। बनासकांठा की हरसिद्धनगर महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी मंडली रोजाना करीब 2,000 लीटर दूध एकत्र कर उसकी जांच के बाद बनास डेयरी भेजती है। गुजरात के 36 लाख डेयरी उत्पादकों में करीब 12 लाख महिलाएं शामिल हैं। महिला संचालित सहकारी समितियां रोजाना 57 लाख लीटर दूध खरीद रही हैं, जिसमें पांच वर्षों में 39 प्रतिशत वृद्धि हुई है। दैनिक राजस्व 17 करोड़ से बढ़कर 25 करोड़ रुपये और वार्षिक कारोबार 6,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। करीब 80,000 महिलाएं सहकारी समितियों के प्रबंधन में भी सक्रिय हैं।