विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने में युवा निभाएं अपनी भूमिकाः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Jun 01, 2026
जयपुर, राजस्थान, 01 जून 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर युवाओं के लिए आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने में युवा अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्राम स्तर पर युवाओं के लिए अटल ज्ञान केन्द्र विकसित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवाओं को मदद मिल रही है। करीब 4 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, और 436 रोजगार सहायता शिविर आयोजित किए हैं। युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत 6 प्रतिशत ब्याज पुनर्भरण के लिए ऋण की सीमा को बढ़ाकर 2 करोड़ रूपये किया गया है। इस योजना के अन्तर्गत 248 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत फंडिंग प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में डेयरी, सहकारिता, पर्यटन, खनन सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसलिए युवा इन क्षेत्रों से जुड़कर अपनी आजीविका का मार्ग प्रशस्त करें।