खराब सड़क निर्माण पर हो सख्त कार्रवाईः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jun 05, 2026

जयपुर, राजस्थान, 05 जून 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर सार्वजनिक निर्माण विभाग की बैठक बुलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता सुनिश्चित हो, और खराब सड़क निर्माण पर जिम्मेदार अधिकारी एवम अभियंता के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क तंत्र को मजबूत, सुरक्षित और व्यापक बनाने के लिए सरकार बड़ी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च गुणवत्ता के मापदण्डों को ध्यान में रखते हुए आपसी समन्वय से तय समयसीमा में निर्माण कार्य पूरे किए जाएं। विकास एवम परियोजनाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत ढांचे के विकास से राज्य के विकास को गति मिलती है। सरकार की प्राथमिकता है कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवागमन को सरल और सुगम बनाया जाए।