खनिज ब्लॉकों की नीलामी में देश भर में प्रथम रहा राजस्थान
Nov 10, 2026
जयपुर, राजस्थान, 10 नवम्बर 2026 (एएनआई): राजस्थान खनिज ब्लॉकों की नीलामी और संचालन में देश भर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान पर रहा है। जयपुर में राज्य सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने प्रधान खनिजों के सर्वाधिक 140 ब्लॉकों की सफल नीलामी कर देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। खनिज संपदा से समृद्ध राजस्थान में बड़ी संख्या में ब्लॉकों की नीलामी से खनन क्षेत्र में निवेश को गति मिलने के साथ-साथ राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों के सृजन का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है। सरकार ने नीलाम किए गए ब्लॉकों में से 11 ब्लॉकों में संचालन का लक्ष्य निर्धारित किया था, जबकि राजस्थान ने 14 ब्लॉकों में सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर लीज डीड की कार्रवाई पूर्ण कर ली है। सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की बदौलत राज्य ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक ब्लॉकों में प्रगति दर्ज की है।