हरियालो राजस्थान के तहत 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य समय से पहले पूरा

Sep 21, 2026

जयपुर, राजस्थान, 21 सितंबर 2026, , (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कीर्तिमान कायम किया है। प्रदेश में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 10 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर लिया गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ते हुए देशभर में व्यापक जनचेतना का निर्माण किया है। राजस्थान में हरियालो राजस्थान अभियान के माध्यम से इस भावना को व्यापक जन अभियान का स्वरूप मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 करोड़ पौधों का रोपण प्रकृति के प्रति राजस्थान की सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। यह उपलब्धि प्रदेशवासियों की भागीदारी] जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एक पेड़ मां के नाम के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और रोपे गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।