रोजगार से जोड़ने के लिए युवा सुयोग बनेगा बदलाव का माध्यमः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jul 22, 2026

जयपुर, राजस्थान, 22 जुलाई 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री युवा सुयोग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए युवा सुयोग बदलाव का माध्यम बनेगा। प्रदेश के युवाओं की शक्ति को सामर्थ्य में बदलने के लिए युवा सुयोग प्लेटफाॅर्म एक सही दिशा, सही अवसर और सही मंच उपलब्ध कराएगा। क्रिकेट, वाॅलीबाॅल, कबड्डी और फुटबाॅल जैसे सामूहिक खेलों के माध्यम से प्रदेश की प्रत्येक पंचायत और वार्ड में युवा नेतृत्व विकसित होगा और वे अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुयोग प्लेटफार्म जैसी क्रांतिकारी शुरूआत की है। इस प्लेटफाॅर्म को माय भारत पोर्टल के साथ एकीकृत किया जाएगा, ताकि युवा को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके। सुयोग प्लेटफार्म एक डिजिटल क्रांति है जो प्रदेश के अंतिम पंक्ति के युवाओं की ट्रैकिंग कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ेगी।