बीकानेर हाउस में सजा राजस्थान की कला, संस्कृति और परंपरा का महोत्सव
Mar 16, 2026
नई दिल्ली, 16 मार्च, 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में आयोजित राजस्थान उत्सव 2026 में शामिल हुए। राष्ट्रीय राजधानी में 15 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, लोकसंगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक व्यंजनों की शानदार प्रस्तुति देखने को मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति, लोक परंपराएं और कला-संस्कृति हमारी गौरवशाली पहचान का आधार हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव देश-विदेश के लोगों को राजस्थान की जीवंत सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने मेले में राजीविका और ग्रामीण गैर कृषि विकास एजेंसी की तरफ से लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकारों और राजीविका से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों से संवाद किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने राजस्थानी फोटोग्राफी प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।