राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Dec 23, 2025
झालावाड़] राजस्थान 23 दिसंबर, 2025, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा झालावाड़ के दुधालिया में आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के तहत प्रदेश की 78 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 187 करोड़ 59 लाख रूपए और लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 18 हजार लाभार्थियों के खातों में 2500 - 2500 रूपए की प्रथम किश्त की राशि हस्तांतरित की। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के 259.60 करोड़ रुपये के 43 कार्यों का शिलान्यास और 115.74 करोड़ रुपये के 6 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ साथ मुख्यमंत्री ने दुधालिया गांव में महिलाओं द्वारा संचालित गौशाला, बायोगैस प्लांट और मियावाकी उद्यान का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं राष्ट्र निर्माण की सच्ची शिल्पकार हैं, और राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।